Arya P.G. College, Panipat

आर्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय ने इंटर जोनल युवा महोत्सव में 9वीं बार ओवरऑल ट्रॉफी जीत कर रचा इतिहास


Image

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र के 44वें इंटर जोनल युवा महोत्सव का आयोजन डी.ए.वी पीजी   कॉलेज, करनाल में 27 से 29 जनवरी तक किया गया। जिसमें 70 से ज्यादा महाविद्यालयों के चार जोन के प्रतिभागियों ने 42 विधाओं में अपनी प्रस्तुतियां दी। जोनल युवा महोत्सव की तरह ही इंटर जोनल युवा महोत्सव में भी आर्य महाविद्यालय के प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए 9वीं बार ओवरऑल ट्रॉफी जीतकर इतिहास रच दिया है। विद्यार्थियों की इस शानदार उपलब्धि के अवसर पर आर्य कॉलेज प्रबंधक समिति ने आज विजेता प्रतिभागियों का कॉलेज में सम्मान करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

महाविद्यालय प्रबंधन समिति के प्रधान सुरेंद्र सिंगला, महासचिव सीए कमल किशोर, कोषाध्यक्ष पीयूष आर्य, वरिष्ठ सदस्य विरेंद्र शिंगला, निखिल शिंगला व सभी सम्मानित सदस्यों और प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने विजेता प्रतिभागियों व पूरे आर्य कॉलेज परिवार को बधाई दी। महाविद्यालय प्रबंधन समिति के प्रधान सुरेंद्र सिंगला ने कहा कि इस जीत का श्रेय विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत के साथ-साथ महाविद्यालय के प्राध्यापकों व प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता के कुशल नेतृत्व को जाता है। महासचिव सीए कमल किशोर ने कहा कि प्रबंधन समिति का हमेशा यह प्रयास रहता है कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों व सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए हर प्रकार की सुविधाएं निरंतर उपलब्ध करवाई जाएं। प्रबंधक समिति के सदस्य निखिल शिंगला ने कहा कि हमें अपने विद्यार्थियों पर गर्व है कि हमारे कॉलेज के विद्यार्थी हर क्षेत्र में कॉलेज के साथ-साथ अपने जिले और राज्य का नाम भी रोशन कर रहे हैं।

प्राचार्य डॉ.जगदीश गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि 44वें इंटर जोनल युवा महोत्सव का आयोजन डी.ए.वी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, करनाल में 27 से 29 जनवरी तक किया गया। आर्य कॉलेज के प्रतिभागियों ने 17 विधाओं में प्रथम और 10 विधाओं में द्वितीय व दो विधाओं में तृतीय पुरस्कार हासिल कर 9वीं बार ओवर ऑल ट्रॉफी हासिल की। साथ ही उन्होंने बताया कि आर्य कॉलेज करनाल जोन में लगातार 18 बार से विजेता बनता आ रहा है। छह बार रत्नावली में ओवर ऑल ट्रॉफी हासिल करने के साथ कई बार ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी में कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी का और कई बार साउथ एशियन इंटर यूनिवर्सिटी युवा महोत्सव में देश का प्रतिनिधित्व भी कर चुका है। उन्होंने कॉलेज के युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के प्रभारी डॉ. रामनिवास, मीनाक्षी चौधरी, डॉ. विजय सिंह, डॉ. नीलु खालसा, प्राध्यापक अकरम खान,दीक्षा नंदा समेत सभी को इस उपलब्धि पर बधाई दी। आर्य कॉलेज के युवा एवं सांस्कृतिक विभाग के प्रभारी डॉ. रामनिवास ने बताया फरवरी माह में ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी यूथ फेस्टिवल का आयोजन होगा, विद्यार्थियों की परीक्षा के बाद हमारे प्रतिभागी ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी यूथ फेस्टिवल की तैयारियों में लग जाएंगे और हमें पूरा विश्वास है की वहां पर भी हमारे विद्यार्थी शानदार प्रदर्शन कर अपने कॉलेज जिले व अपने प्रांत का नाम जरूर रोशन करेंगे।

ये रहे इंटर जोनल युवा महोत्सव के परिणाम -

लूर डांस, पॉप सोंग हरियाणवी, रसिया ग्रुप डांस, ग्रुप डांस जनरल, वन एक्ट प्ले, हरियाणवी ऑर्केस्ट्रा, सोलो डांस हरियाणवी मेल, सोलो डांस हरियाणवी फिमेल, क्लासिकल डांस सोलो, इंडियन ऑर्केस्ट्रा, माईम, वेस्टर्न इंस्ट्रमेंटल सोलो, वेस्टर्न ग्रुप सोंग, फोक सोंग हरियाणवी सोलो, लाइट वोकल इंडियन, सांग, वाद-विवाद में प्रथम स्थान हासिल किया। ग्रुप डांस हरियाणवी, कोरियोग्राफी, रिचुअल्स, फॉक इंस्ट्रूमेंटल सोलो, क्लासिकल इंस्ट्रुमेंटल सोलो (प्रकशन) इंस्टॉलेशन, संस्कृत भाषण, संस्कृत ड्रामा, ग्रुप सोंग जनरल, ग्रुप सोंग हरियाणवी, में द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं मिमिक्री व रंगोली में तृतीय स्थान हासिल किया।