Arya P.G. College, Panipat

निरोग, प्रसन्न और दीर्घायु होने के लिए योग ज़रूरी


Image

आर्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय की एन.एस.एस. इकाई द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में ऑनलाइन योग एवं प्राणायाम कक्षा का आयोजन किया गया, जिसमें अध्यापकों व एन.एस.एस स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया। योग प्रशिक्षक के रूप में पतंजलि योग समिति, पानीपत से अशोक अरोड़ा ने सभी प्रतिभागियों को योग व प्राणायाम की विभिन्न मुद्राएं और आसनों के बारे  विस्तारपूर्वक अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन नियमित योग करने से बीमारियों से छुटकारा मिलता है और रोग कोसों दूर भाग जाते हैं।

प्राचार्य डॉ.जगदीश गुप्ता ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए कॉलेज एन.एस.एस कार्यक्रम अधिकारी प्रो विवेक गुप्ता,  एन.सी.सी. व रेडक्रॉस इकाई के समन्वयक डॉ. विजय सिंह व उनकी टीम को बधाई और  शुभकामनाएं दी।

प्राचार्य डॉ.जगदीश गुप्ता ने बताया कि निरंतर योग व प्राणायाम करने से उच्च रक्तचाप, मधुमेह, थाइरोइड इत्यादि से निजात मिलती है। साथ ही उन्होंने बताया कि निरोग, प्रसन्न और दीर्घायु होने के लिए नियमित योग आवश्यक है!

प्राचार्य डॉ.जगदीश गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि महाविद्यालय में आज कोविड-19 वैक्सीनेशन का  कार्यक्रम भी आयोजित किया गया! जिसका नेतृत्व पानीपत रेड क्रॉस सोसाइटी से आए कला भारद्वाज व महाविद्यालय के यूथ रेड क्रॉस इंचार्ज डॉ.विजय सिंह द्वारा करवाया गया! वैक्सीनेशन कैंप में रेडक्रॉस वॉलिंटियर्स ने स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ बढ़-चढ़कर सहयोग किया!

प्रो.विवेक गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष का थीम 'योगा फ़ॉर वैलनेस' है। उन्होंने यह भी बताया कि विगत एक माह से एन.एस.एस. स्वयंसेवक ऑनलाइन ज़ूम एप्प के माध्यम से निरंतर योग कर स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। उन्होंने योग प्रशिक्षक अशोक अरोड़ा का धन्यवाद किया व भविष्य में भी इसी प्रकार के कार्यक्रम करते रहने का आह्वान किया।

डॉ.विजय सिंह ने जानकारी देते बताया कि भारतीय सेना के पर्वतीय रोहन केंद्र दार्जिलिंग से आर्य महाविद्यालय के 25 एन.सी सी. कैडेट्स को ऑनलाइन योग दिवस कार्यक्रम से जोड़ा गया, सभी कैडेट्स ने योगा वीडियो बनाकर ऑनलाइन अपलोड की! उन्होंने बताया कि बेस्ट कैडेट्स को माउंटेन कैंप के लिए चयनित किया जाएगा!

इस अवसर पर डॉ विजय सिंह, प्रो.विवेक गुप्ता, प्रो. विकास काठपाल सहित अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।