Arya P.G. College, Panipat

एन.एस.एस में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर आर्य कॉलेज के 54 विद्यार्थियों को मिला मैरिट सर्टिफिकेट


Image
शुक्रवार को आर्य पी.जी कॉलेज में कॉलेज की एन.एस.एस ईकाई के 54 स्वयंसेवकों को एन.एस.एस में उत्कृष्ट कार्य करने पर भारत सरकार के युवा एवं खेल मंत्रालय द्वारा मैरिट सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया। कॉलेज प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने कॉलेज के एन.एस.एस ईकाई के सभी 54 स्वयंसेवकों का कॉलेज प्रांगण में पहुंचने पर स्वागत किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही एन.एस.एस ईकाई के समन्वयक प्रो. विवेक गुप्ता को बधाई दी। 
प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत सरकार के युवा एवं खेल मंत्रालय द्वारा देश के सभी विद्यालयों और महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों में एन.एस.एस ईकाईयों का गठन किया गया है। इन ईकाईयों में विद्यार्थी देश के लोगों को जागरूक व विभिन्न प्रकार की रैलियां निकालकर कई प्रकार के संदेश देते है। उन्होंने बताया कि आर्य कॉलेज  के एन.एस.एस ईकाई के इन 54 स्वयंसेवकों ने दो वर्षो में 240 से भी अधिक घंटे काम करके समाज में एक नई अलख जगाई है और इसी काम को देखते हुए भारत सरकार के युवा एवं खेल मंत्रालय ने इन विद्यार्थियों को मैरिट सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि कॉलेज में भी विद्यार्थियों को एन.एस.एस और एन.सी.सी जैसी ईकाईयों में जुडक़र देश की सेवा करनी चाहिए।
एन.एस.एस ईकाई के समन्वयक प्रो. विवेक गुप्ता ने बताया कि हमारी ईकाई के सभी विद्यार्थी बहुत मेहनती है। ये समय-समय पर रक्तदान शिविर गांव व शहरों में सफाई अभियान और विभिन्न प्रकार की रैलियां निकालकर लोगों को जागरूक करने का काम करते है। 
इस अवसर पर कॉलेज के सभी स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।