Arya P.G. College, Panipat

आर्य पीजी कॉलेज में हुआ दो दिवसीय पुष्पोत्सव का शुभारंभ


Image

- देशभर के विभिन्न राज्यों के फूलों का हुआ शानदार प्रदर्शन


-प्रदर्शनी में ‘पहेली बुझो, पौधा जीतो’ प्रतियोगिता का हुआ आयोजन


पानीपत:24 फरवरी 2019


आर्य पीजी कॉलेज के वनस्पति शास्त्र विभाग के तत्वावधान में दो दिवसीय द्वारा पुष्प प्रदर्शनी का उद्घाटन कॉलेज प्राचार्य डॉ.जगदीश गुप्ता व कुमाउ विश्वविद्यालय से प्रो.डॉ सुखबीर सिंह ने किया। वहीं एन.एफ.एल के मुख्य महाप्रबंधक सुनील अरोड़ा व महाप्रबंधक एस.के.गुप्ता ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की। प्राचार्य डॉ.जगदीश गुप्ता ने सभी अतिथियों का कॉलेज प्रांगण पहुँचने पर स्वागत किया व कार्यक्रम के शानदार आयोजन के लिए वनस्पती विभाग के अध्यक्ष डॉ. बलकार सिंह  सहित अन्य स्टाफ सदस्यों को बधाई दी।


जानकारी देते हुए प्राचार्य डॉ.जगदीश गुप्ता ने बताया कि महाविद्यालय के वनस्पति शास्त्र विभाग द्वारा आयोजित यह वार्षिक पुष्प प्रदर्शनी हर वर्ष फरवरी माह में आयोजित की जाती है। इस वर्ष प्रदर्शनी में 100 से अधिक प्रजातियों के लगभग 1200 गमले प्रदर्शित किए गए हैं। प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण सर्दियों में उगाए जाने वाले विभिन्न पुष्पीय पौधों के गमले हैं। प्रदर्शनी में सर्दियों में खिलने वाले विभिन्न सुंदर पौधे जैसे लेडीज पर्स, कारनेशन, डॉग फ्लावर, डहेलिया, डांसिंग लेडी फ्लावर, जिरेनियम, बर्फ, लिलियम, निमिसिया, पैंजी, प्राइमुला, सालविया, वरबीना  इत्यादि  शामिल रहे। इसके अतिरिक्त घर के अंदर लगाए जाने वाले वायु शुद्ध करने वाले पौधे, विभिन्न प्रकार के कैक्टस, सक्यूलेंट्स, सब्जियां व औषधीय पौधे भी प्रदर्शित किए गए हैं।


उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में  शहर के  कई स्कूलों के विद्यार्थियों ने व आम नागरिकों ने भी अपने पौधे प्रदर्शित किए हैं। इस बार प्रदर्शनी में आमजन को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने के लिए ‘पहेली बुझो, पौधा जीतो’ प्रतियोगिता भी रखी गई है। इसमें कोई भी व्यक्ति आसान से सवालों का जवाब देकर पौधे जीत सकता है। प्रदर्शनी के दौरान पौधों को उगाने से लेकर फूल आने तक आने वाली विभिन्न सावधानियों व समस्याओं के बारे में जानकारी देने के लिए महाविद्यालय के वनस्पति शास्त्र विभाग के शिक्षक मौजूद रहेंगे। प्राचार्य ने बताया कि प्रदर्शनी का समापन सोमवार दिनांक 25 फरवरी को किया जाएगा व सभी विजेताओं को पुरस्कार भी वितरित किए जाएंगे।


वनस्पति शास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ बलकार सिंह ने आगंतुकों को पौधों के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पहले दिन 2000 से ज्यादा दर्शको ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर ज्ञानार्जन किया है। इस अवसर पर प्राध्यापिका आरती चौधरी, सुरभि, अजमेर सिंह, राजदेव, रामप्रताप, अनिल सहित अन्य मौजूद रहे।